राष्ट्रपति पुतिन का आश्वासन: भारत को तेल की निर्बाध सप्लाई जारी, व्यापार और सांस्कृतिक साझेदारी में बड़ा विस्तार

राष्ट्रपति पुतिन का आश्वासन: भारत को तेल की निर्बाध सप्लाई जारी, व्यापार और सांस्कृतिक साझेदारी में बड़ा विस्तार

Education

नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत को रूसी तेल की सप्लाई को लेकर महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था को ध्यान में रखते हुए रूस बिना रुकावट ईंधन शिपमेंट जारी रखेगा। यह भरोसा ऐसे समय में मिला है जब दोनों देशों ने फर्टिलाइजर, फूड सेफ्टी, शिपिंग और मैरीटाइम लॉजिस्टिक्स सहित कई क्षेत्रों में समझौतों पर सहमति जताई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और रूस 2030 तक व्यापार बढ़ाने के लिए एक विस्तृत आर्थिक सहयोग कार्यक्रम पर सहमत हुए हैं। क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव पहले ही संकेत दे चुके थे कि रूस भारत को तेल निर्यात फिर से बढ़ाने की उम्मीद रखता है और पश्चिमी प्रतिबंधों के चलते जो गिरावट आई है, वह अस्थायी है।

यूक्रेन युद्ध के बाद भारत रूस के समुद्री तेल का सबसे बड़ा खरीदार बना, लेकिन हाल ही में अमेरिका द्वारा रोसनेफ्ट और लुकोइल पर प्रतिबंध के चलते भारत ने आयात कम किया है। इसके बाद यूरोप ने भी रूसी क्रूड से बने पेट्रोलियम उत्पादों पर पाबंदी लगाने का फैसला किया। वित्त वर्ष 2023-24 में भारत-रूस व्यापार 65.70 बिलियन डॉलर रहा, जिसमें भारत का निर्यात 4.26 बिलियन और आयात 61.44 बिलियन डॉलर था। दोनों देशों का लक्ष्य है कि 2030 तक यह व्यापार 100 बिलियन डॉलर तक पहुंचे।

फिल्म फेस्टिवल और रूसी टीवी चैनल से बढ़ेगा सांस्कृतिक आदान–प्रदान

राष्ट्रपति पुतिन ने बताया कि दोनों देश एक-दूसरे के यहां फिल्म फेस्टिवल आयोजित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत में एक रूसी टीवी चैनल का प्रसारण शुरू हो रहा है, जिससे भारतीय दर्शकों को रूस को और बेहतर जानने का अवसर मिलेगा।

पुतिन ने कहा कि बैठक के दौरान कई वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई और दोनों देश बहुध्रुवीय विश्व व्यवस्था को मजबूत करने के पक्ष में हैं। उन्होंने कहा कि भारत और रूस ब्रिक्स के संस्थापक सदस्य होने के नाते लंबे समय से साथ काम करते आए हैं। अगले वर्ष भारत ब्रिक्स की अध्यक्षता करेगा और रूस हर स्तर पर भारत का समर्थन करेगा।

साभार सहित